जम्मू । शिवसेना के ठाकरे गुट के सांसद संजय राउत शुक्रवार को राहुल गांधी के साथ भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुए। भारत जोड़ो यात्रा आज जम्मू के कठुआ से शुरू हुई। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा कल जम्मू-कश्मीर पहुंची। जम्मू में पहुंचते ही राहुल गांधी ने भी टीशर्ट के ऊपर एक जैकेट पहन ली। अब तक कड़क ठंड में भी वे सिर्फ एक सफेद टी-शर्ट में नजर आ रहे थे। संजय राउत जब भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुए तो जम्मू में आज सुबह हल्की बारिश शुरू थी।
राहुल को मै आवाज उठाने वाले नेता के तौर पर देखता हूं. : संजय राउत
संजय राउत ने यात्रा में शामिल होने से पहले पत्रकारों से बात करते हुए यह साफ किया कि देश में कांग्रेस के बिना बीजेपी को फाइट देने की केजरीवाल, अखिलेश और केसीआर जैसे नेताओं की सोच गलत है। कांग्रेस एक राष्ट्रीय पार्टी है जिसकी देश भर में व्यापक पहुंच है। देश भर में राहुल गांधी के नेतृत्व के लिए लोगों में एक स्वीकार का भाव है। राहुल को मैं आवाज उठाने वाले नेता के तौर पर देखता हूं। संजय राउत ने यह भी साफ किया कि शिवसेना आने वाले वक्त में जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव लड़ेगी।
पाकिस्तान जाने की सलाह पर संजर राउत ने यह दिया जवाब
शिंदे गुट के नेताओं ने राउत को पाकिस्तान जाने की सलाह दी है। इस पर राउत ने कहा कि जम्मू पर भी पाकिस्तान के तोप-गोले बरसते रहते हैं। आतंकियों के हमले होते रहते हैं। उन्हें कहिए यहां वे आएं, तब उन्हें पता चलेगा। वहां बैठ कर कुछ भी बोलना आसान है। राउत ने कहा कि पाकिस्तान जाएंगे ना। पीएम मोदी ने तो कहा था कि पाकव्याप्त कश्मीर हिंदुस्तान में लेकर आएंगे। उनसे तो नहीं हो सका। हमारे हाथ में सत्ता आई तो हम जरूर पाकिस्तान जा सकते हैं। अखंड भारत का सपना पूरा कर सकते हैं।
#WATCH | Bharat Jodo Yatra resumes from Kathua in Jammu & Kashmir on the 125th day of its journey; sees the participation of Shiv Sena (Uddhav Thackeray) leader Sanjay Raut today pic.twitter.com/Ve81omvQ5m
— ANI (@ANI) January 20, 2023
देश जगाने के लिए सबके हाथों में हो मशाल
संजय राउत ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा से देश भर में एक अच्छा माहौल तैयार हुआ है। पठानकोट में हजारों युवा हाथों में मशाल लिए शामिल हुए। मशाल कांग्रेस का चिन्ह नहीं है। यह शिवसेना (ठाकरे गुट) का चिन्ह है। देश जगाने के लिए सबके हाथों में मशाल जरूरी है।
राहुल गांधी ने 7 सितंबर से तमिलनाडू के कन्याकुमारी से भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत की थी। पिछले चार महीने से कन्याकुमारी से पैदल चलते हुए राहुल गांधी उत्तर भारत में पहुंचे। इन चार महीनों में तापमान में उतार-चढ़ाव के बीच वे सिर्फ एक टी शर्ट में दिखाई दे रहे थे। दिल्ली में भी जब सिर्फ 7 डिग्री सेल्सियस तापमान था, राहुल टीशर्ट में ही दिखाई दिए थे। अब जाकर उन्होंने जम्मू में जैकेट पहनी है।