भोपाल। रमजान गुरुवार रात को इस माह की खास इबादत तरावीह के साथ शुरू हो गया। राजधानी की मस्जिदों में नमाजियों की बढ़ी हुई तादाद के लिहाज से इंतजाम कर दिए गए हैं। इधर, शहर पर रमजानी रौनक दिखाई देने लगी है। हर तरफ सिर्फ रमजान, रोजे, नमाज, तरावीह और सेहरी अफ्तार का जिक्र सुनाई पड़ रहा है। बाजार खरीदारों से गुलजार दिखाई दे रहे हैं। राजधानी के मुस्लिम बहुल इलाकों में नमाजियों, खरीदारों, दुकानदारों का हुजूम दिखाई दे रहा है।

शहर की कमोबेश सभी मस्जिदों में गुरुवार रात को तरावीह की शुरुआत हो गई है। यहां के रिवाज के मुताबिक कहीं 3 दिन तो कहीं 15 और 20 दिन में मुकम्मल का सिलसिला शुरू हो गया है। जबकि कुछ मस्जिदों में 27 दिन में ये प्रक्रिया पूरी होगी।

बाजार हुए गुलजार

पुराने शहर के इब्राहिमपुरा, नदीम रोड, काजी कैंप, लक्ष्मी टॉकीज, शाहजहानाबाद, जहांगीराबाद, बुधवारा, इतवारा समेत बाजारों में इन दिनों खरीदारों का हुजूम उमड़ा हुआ है। लोग सेहरी अफतार के लिए खानपान की चीजों के अलावा रमजान के लिए जरूरी सामान खरीदने में जुटे हुए हैं। शहर में कई जगह अस्थाई दुकानों से नूक्ति खारे, दूध फैनी, बाकर खानी, तंदूरी पराठा, शिरमाल आदि की बिक्री हो रही है। इधर, शहर के कई स्थानों पर फ्रूट की दुकानें भी बढ़ गई हैं।

इंदौर से उड़ान भरेंगी दो इंटरनेशनल फ्लाइट्स, 31 मार्च से होगी शुरुआत

इस रमजान होंगे पांच जुमा

रमजान माह के दौरान कुल 5 जुमा अदा किए जायेंगे। 24 और 31 मार्च के बाद ये 7, 14 और 21 अप्रैल को होंगे। राजधानी भोपाल में रमजान के आखिरी जुमा को अलविदा जुमा के नाम से जाना जाता है। इसे यहां छोटी ईद का खिताब हासिल है। इसके लिए लोगों की तैयारी ईद की तरह ही होती है।